किरतपुर चेयरमैन अब्दुल मन्नान व भाइयो पर जानलेवा हमला
किरतपुर। बुधवार रात छह से अधिक हथियारबंद लोगों ने अपने घेर में बैठकर परिचितों से बातचीत कर रहे नगर पालिका चेयरमैन अब्दुल मन्नान पर जानलेवा हमला किया। शोर सुनकर आए चेयरमैन के दो सगे व एक मौसेरे भाई पर भी हमला बोल दिया। धारदार हथियार से हमला करने के बाद गोली भी चलाई। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। चेयरमैन ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, इसमें चार को नामजद किया गया है।
बुधवार की रात चेयरमैन अब्दुल मन्नान मोहल्ला लुकमानपुरा स्थित अपने घेर में बैठकर अपने समर्थकों के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनकी ही बिरादरी के दो सगे भाई अख्तर व महताब और दानिश तथा रियाज हथियारों से लैस होकर अपने चार अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और अब्दुल मन्नान पर हमला बोल दिया। आरोप है कि महताब ने तलवार से सिर पर प्रहार किया। अन्य साथियों ने गोली दाग दी। शोर सुनकर वहां आए चेयरमैन के छोटे भाई फैजान, शादान और मौसेरे भाई अदनान पर भी हमला बोल दिया। इसके बाद हमलावर फायरिंग करते हुए चेयरमैन व उनके भाइयों को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
चेयरमैन ने रात में ही मेडिकल परीक्षण कराकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने हमलावरों के घरों पर दबिश दी, लेकिन कोई भी पुलिस के हाथ नहीं लगा। सीओ अरुण कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा कर चेयरमैन से घटना की जानकारी ली। चेयरमैन अब्दुल मन्नान ने बताया कि हमलावर उनके मोहल्ले के ही हाफिज हारुन को मारने की फिराक में थे। धमकी से घबराकर हाफिज हारुन चेयरमैन के पास आकर स्वयं को बचाने की गुहार करने लगा। हमलावर तभी वहां पहुंचे तथा हमला बोल दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्र का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कराकर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मामले की सच्चाई का पता लगाने में जुटी है।