शाहाबाद(हरदोई)। जमुलापुर मोड़ के पास गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किशोरी की मौके पर मौत हो गई। बाइक चला रहा युवक व बाइक पर बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कस्बे के मोहल्ला खेड़ा बीबीजई निवासी इंद्रपाल (30) पुत्र गया प्रसाद ने मंगलवार को नई बाइक खरीदी थी। गुरुवार को वह पड़ोस में रहने वाली मोना (14) पुत्री रूपलाल व पूनम (18) पुत्री अनिल के साथ बाइक से प्रसाद चढ़ाने मनिकापुर गांव स्थित मजार पर जा रहा था। जमुलापुर मोड़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मोना की मौके पर मौत हो गई। इंद्रपाल व पूनम गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पर कोतवाल दीनानाथ मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि मोना सात बहनों व तीन भाइयों में नौवें नंबर की थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चलाते वक्त इंद्रपाल ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। इससे सिर में गंभीर चोटें आई हैं। कोतवाल दीनानाथ मिश्र ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
सड़क हादसे में किशोरी की मौत, युवक व युवती घायल
कस्बे के मोहल्ला खेड़ा बीबीजई की रहने वाली थी किशोरी