भागूवाला(बिजनौर)। पूर्वी गंगनहर में बहकर आया एक व्यक्ति का शव पुलिस में कब्जे में लिया। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है।
नजीबाबाद-हरिद्वार के बीच पूर्वी गंगनहर के चंदक हैड क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक व्यक्ति का शव देखा गया। सूचना मिलने पर भागूवाला चौकी से पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से रस्सियों से शव को नहर से निकाला। करीब 35 से 40 वर्ष के व्यक्ति का शव करीब 10 दिन पुराना लग रहा था। शरीर पर बनियान पड़ी थी, जबकि शेष शरीर नग्न हालत में था। पुलिस को ऐसा कुछ भी बरामद नहीं हो सका, जिससे शव की शिनाख्त हो सके। अलबत्ता मृतक के दाहिने हाथ की तीन उंगलियां कटी हुई थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। 12 अगस्त को भी पूर्वी गंगनहर चंदक हैड क्षेत्र से एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव कुछ दिन पुराना होने के कारण गली हालत में था। करीब 32 वर्षीय युवक ने हरी टीशर्ट और सलेटी रंग की पैंट पहन रखी थी। 10 दिन बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी।