अमर उजाला ब्यूरो
निजामपुर। सीआईडी व पुलिस विभाग की टीम ने सोमवार को निजामपुर में संयुक्त छापामारी कर 35 अवैध सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस ने सिलेंडर रखने के आरोप में एक व्यक्ति कर्ण को भी काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सोमवार सुबह पुलिस व सीआईडी ने एक दुकान पर छापामारी की। पुलिस को 35 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। पुलिस ने मौके से कर्ण नामक व्यक्ति को काबू कर लिया। पुलिस ने व्यक्ति से सिलेंडरों के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि सभी सिलेंडर कालाबाजारी के लिए रखे हुए थे। सूचना पाकर खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक अरुण कुमार भी मौके पर पहुंचे व आरोपी से पूछताछ की।
- गैस एजेंसी से खरीदता था सिलेंडर
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक निजी गैस एजेंसी से सिलेंडरों की खरीददारी करता था व कापी धारकों को घर-घर पहुंचाने का कार्य करता था। कापी धारकों से कापी बुकिंग, कालाबाजारी कर व किराये के नाम पर एक सिलेंडर पर 100 से लेकर 150 रुपये तक की अधिक वसूली करता था। पुलिस ने आरोपी काबू किया व सिलेंडर बरामद कर चौकी में ले गए। छापामारी टीम में निजामपुर चौकी प्रभारी धर्मसिंह, खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक अरुण कुमार, सीआईडी से विनोद कुमार व अनिल कुमार प्रमुख रूप से शामिल थे।
सीआईडी व गुप्त सूचना पर छापेमारी की गई। जिसके बाद दुकान से 35 घरेलू सिलेंडर बरामद हुए। इस मामले में कर्ण नामक युवक को भी काबू किया गया है। मामले की गहन छानबीन की जा रही है। जो भी आरोपी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- धर्मसिंह, प्रभारी, निजामपुर चौकी।