बिजनौर। पुलिस के कारनामे में भी अजीब होते है। एक महिला से लूटी गई सोने की चेन के बदले उसे नकली दे दी गई। महिला ने चेन लेने से इंकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि चेन पुलिस ने बदली है। पीड़ित ने एसपी से मिलकर इस मामले में कार्रवाई कराने की गुहार लगाई है।
बिजनौर के मोहल्ला शक्ति नगर निवासी चेतन स्वरूप के मुताबिक 19 सितंबर को वह अपनी पत्नी सुनीता रानी के साथ स्वाहेड़ी से बाइक से बिजनौर आ रहे थे। परम पब्लिक स्कूल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने सुनीता के गले से सोने की चेन तोड़ ली। चेतन ने बदमाशों का पीछा किया। पेद्दा पुलिस चौकी के पास युवकों ने बदमाशों को पकड़ कर वहां तैनात दरोगा नितिन कुमार को सौंप दिया। लुटेरों की पहचान अमरोहा जिले के रजबपुर निवासी अभिषेक व नूरपुर के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी साहिल के रूप में हुई। पुलिस ने चेन बरामद करके दोनों का चालन कर दिया। चेतन व उनकी पत्नी सुनीता लूटी गई चेन लेने थाने गए तो पुलिस ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर चेन मिलेगी। आरोप है कि उन्होंने कोर्ट से आदेश कराए तो पुलिस ने उन्हें नकली चेन दे दी। चेतन व सुनीता ने चेन लेने से मना कर दिया। चेतन के मुताबिक जब बदमाशों को तुरंत ही पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया तो असली चेन कहां चली गई? पर पुलिस ने उन्हें चेन नहीं दी। पीड़ित का आरोप है कि उनकी असली चेन पुलिस ने बदल दी है। चेतन व उनकी पत्नी सुनीता ने एसपी से मिलकर इस मामले में कार्रवाई कराने को कहा है। एसपी संजीव त्यागी ने जांच कराने की बात कही है।