बिजनौर में युवक की मौत के बाद नगीना बाईपास मार्ग पर जाम लगाने पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ शिकंजा कस गया है। पुलिस ने जाम लगाने वाले 50 ग्रामीणों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दस ग्रामीणों को रिपोर्ट में नामजद किया गया है। बाकी अज्ञात दिखाए गए हैं। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद खलबली मची गई है।
शनिवार की सुबह बाईपास मार्ग पर साइकिल सवार गांव सालमाबाद निवासी विपिन (33) की ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई थी। गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया था। पुलिस के साथ भी कुछ लोगों ने नोकझोंक की थी। करीब जाम तीन घंटे से ज्यादा समय तक लगा रहा। जाम के कारण बाईपास मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। एसडीएम अनुज सिंह व सीओ असित श्रीवास्तव के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला था। शहर कोतवाली में तैनात दरोगा सतीश कुमार की ओर से पवन कुमार, देव कुमार ,अशोक कुमार, रोहित, अरुण, इंद्राज, संजीव, राजकुमार, अशोक , राजेश समेत 50 ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट दर्ज होने से ग्रामीणों में खलबली मची हुई है। शहर कोतवाल ऋषिराम कठेरिया के मुताबिक जिन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।