स्योहार में पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आदित्य के घर की शनिवार को कुर्की की। पुलिस आदित्य के घर का सारा सामान भरकर ले गई। उसके घर के किवाड़ तक उखाड़कर पुलिस ले गई। आदित्य के घर की कुर्की के दौरान गांव में भारी भीड़ लगी रही।
स्योहारा थाने के गांव रानानंगला निवासी एक लाख के इनामी बदमाश आदित्य दो माह पूर्व शेरकोट थाने के गांव कोपा में जितेंद्र उर्फ टाटा के घर पर अपने गैंग के साथ छिपा था। पुलिस मुठभेड़ के दौरान आदित्य वहां से भाग निकला। इस मामले में शेरकोट पुलिस ने आदित्य के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी। कोर्ट से कुर्की के आदेश जारी हो गए। शनिवार को शेरकोट थाने के दरोगा रामकुमार के साथ शेरकोट व स्योहारा थाने की पुलिस आदित्य के गांव राना नंगला पहुंची। आदित्य के घर की कुर्की के लिए पहले गांव में मुनादी कराई और उसके बाद कुर्की की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आदित्य के घर से संदूक, गेहूं की टंकी, चारपाई, कपड़े समेत सारा सामान भर लिया। उसके घर की चौखट तक उखाड़ ली। सभी सामान वाहन में भरकर शेरकोट पुलिस अपने साथ ले गई। शेरकोट थाने में कुर्की का सारा सामान जमा करा लिया गया। पुलिस ने आदित्य के घर में छोटे से बड़ा तक कोई सामान नहीं छोड़ा। स्योहारा थानाध्यक्ष धर्मपाल सिंह के मुताबिक शेरकोट पुलिस ने घर का सारा सामान भर लिया है। घर में कुछ नहीं छोड़ा।