नहटौर में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि बसपा सर्व समाज का काम करने वाली पार्टी है। समता मूलक समाज की स्थापना करना पार्टी का मिशन है। उन्होंने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए।
जेवीएम इंटर कॉलेज में चुनावी जनसभा में कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने लोगों से अच्छे दिन आने का वादा किया था, जो आज तक नहीं आए। सपा की सरकार में गुंडाराज, अवैध कब्जे, रेप आदि की वारदातों से जनता में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। कमजोर ही गठबंधन का सहारा लेता है। कांग्रेस डूबता जहाज है। कांग्रेस के जहाज में सपा भी डूब जाएगी। राज्यसभा सांसद वीर सिंह ने कहा कि पिछले पांच वर्षों की सरकार में पांच जिलों में ही विकास और नौकरी लगी है। बाकी प्रदेश को निराशा ही हाथ लगी है। ऐसे लोगों को सबक सिखाने का समय आ गया है। बसपा की सरकार में किसानों को लाभ मिलता है। उन्हें गन्ना भुगतान के लिए धरना-प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं पड़ती है। जनसभा को विधायक मोहम्मद गाजी, बसपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, अख्तर जलील, डॉ दानिश कमाल आदि नेताओं ने संबोधित किया। सभा में अतर सिंह राव, लोकमन सिंह, सुबोध पाराशर, कल्पना सिंह, जिलाध्यक्ष दीपक कुुमार , बलजीत सिंह, रोताश सिंह आदि मौजूद रहे।
वहीं किरतपुर में भी बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने आरके गार्डन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। नगीना के प्रत्याशी वीपी सिंह, मुख्य मंडल कोर्डिनेटर डा. पुरुषोत्तम सिंह, जिलाध्यक्ष दीपक कुमार आदि लोग मौजूद रहे। सभा के दौरान महबूब अली भट्टे व बिजनौर नगर पालिका के सभासद जुल्फिकार बेग उर्फ बेबी बसपा में शामिल हो गए। डेढ़ साल पहले बसपा से निष्कासित कर दिया गया था। जुल्फिकार उर्फ बेबी सपा में शामिल हो गए थे।