जुकाम-खांसी के मरीजों की होगी कोरोना की जांच
बिजनौर। प्रदेश में कई जगह कोरोना की चौथी लहर ने दस्तक दे दी है। जिले में भी एक मरीज संक्रमित मिला है। जिसके बाद जिला अस्पताल में सख्ती शुरू हो गई है। यहां आने वाले खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों के लिए कोरोना की जांच अनिवार्य कर दी गई है। साथ ही कोरोना की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में कोरोना की पहली और दूसरी लहर में लोगों को काफी परेशानी हुई थी। जिसके चलते अब स्वास्थ्य विभाग पहले से ही अलर्ट हो गया है। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही मरीजों को दो गज की दूरी का पालन करने के भी निर्देश दिए हैं। क्योंकि मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग रखकर कोरोना से काफी हद तक बचा जा सकता है। सभी को सैनिटाइजर का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही जिला अस्पताल में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों के लिए कोरोना जांच जरूर करानी होगी।
वहीं, जिला अस्पताल में डॉक्टर बिना कोरोना की जांच के ऑपरेशन, अल्ट्रासाउंड नहीं कर रहे हैं। जिले में कोरोना का नया संक्रमित मरीज मिलने से सभी सतर्क हो गए हैं। डॉक्टर मरीजों से मास्क लगाने के लिए कह रहे हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि कोरोना की चौथी लहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल में आने वाले बुखार, खांसी और जुकाम के मरीजों की कोरोना जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी।