गोलबाग तिराहे पर जाम लगाने के केस में चार्जशीट तैयार
बिजनौर। स्टेट हाईवे के गोलबाग तिराहे पर जाम लगाने के केस में पुलिस ने चार्जशीट तैयार कर ली है। दरअसल गन्ना भुगतान नहीं होने पर आजाद किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने जाम लगाया था, जिसमें रिपोर्ट दर्ज हुई। अब पुलिस ने 12 दिनों के भीतर ही चार्जशीट तैयार कर ली है, जिसे जल्द ही कोर्ट में दाखिल कर दिया जाएगा।
28 अक्तूबर को आजाद किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने झालू में रेलवे फाटक के पास बिलाई शुगर मिल पर 150 करोड़ का बकाया गन्ना भुगतान को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था। धरना-प्रदर्शन में मिल प्रबंधन और प्रशासन के आश्वासन से संतुष्ट नहीं होने के बाद किसानों ने गोलबाग तिराहे पर पहुंच कर जाम लगा दिया था। जाम में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव के फंसने के बाद किसानों ने शिवपाल यादव को धरना स्थल पर बिठा लिया था। इस मामले में हल्दौर पुलिस ने राज्य राजमार्ग को जाम करने, महामारी अधिनियम व धारा 144 का उल्लंघन करने की कार्रवाई करते हुए आजाद किसान यूनियन के 11 कार्यकर्ताओं को नामजद करते हुए 25 से 30 कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता ने बताया कि चार्जशीट लगभग तैयार है, जल्द ही कोर्ट में दाखिल कर दिया जाएगा।