बिजनौर में सड़क निर्माण करने वाली कंपनी के प्लांट पर आगजनी और फायरिंग करने के मामले में धामपुर से भाजपा विधायक अशोक राणा और उनके बेटे प्रियंकर राणा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने वारदात में शामिल रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से दो लाइसेंसी रिवाल्वर, दो पंप एक्शन गन, 38 कारतूस और स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। वारदात में प्लांट के चौकीदार को छर्रे लगे हैं, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है
मंगलवार के शाम बिजनौर के शिवाला कला थाना में जीएस इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर रघुवीर पुंडीर की ओर से तहरीर दी गई।
तहरीर में कहा गया कि सड़क निर्माण सामग्री की मिक्सिंग के लिए लगाया गया प्लांट पर सोमवार की रात में करीब दो बजे आगजनी और ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। ताबड़तोड़ फायरिंग में चौकीदार महिपाल पुत्र चंद्रपाल निवासी फिना को छर्रे लगे हैं, जिससे वह घायल हुआ। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूरे प्लांट की मशीनरी गाड़ियों और बाइक में आग लगा दी गई। उक्त वारदात को अंजाम दिलाने का आरोप धामपुर से भाजपा विधायक अशोक राणा और उनके बेटे प्रियंकर राणा पर लगाया गया है। पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया गया कि उनके द्वारा लगातार पैसों के डिमांड की जा रही थी। पहले भी धमकी दी गई और दबाव बनाया गया। इसकी जानकारी भी पुलिस और प्रशासन को दी गई थी।
आरोप है कि एक सप्ताह पहले 22 अप्रैल को दो बाइक जिन पर पीछे विधायक लिखा था, चार हथियारबंद लोग उस पर आये और उन्होंने धमकी दी थी कि काम बंद कर दो और बिजनौर छोड़कर चले जाओ।
इस वारदात में पुलिस ने संदीप पुत्र सुनील निवासी कुहीकला जनपद जौनपुर और नरदेव पुत्र सौदान निवासी राजा का ताजपुर को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। इसके अलावा दो लाइसेंसी रिवाल्वर, दो लाइसेंसी पंप एक्शन गन के साथ-साथ 38 कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन कैन पेट्रोल और डीजल से भरी हुई भी बरामद की।
इस मामले में एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि सड़क निर्माण कंपनी के मिक्सिंग प्लांट पर आगजनी और फायरिंग के मामले में विधायक अशोक राणा और उनके बेटे प्रियंकर राणा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में एक चौकीदार को छर्रे लगे हैं। वहीं लाइसेंसी हथियार किसके नाम पर है इसकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बड़ी वारदात: रिटायर्ड दरोगा के घर में जघन्य वारदात, निर्मम तरीके से सास-बहू का कत्ल, मौके पर पहुंचे पुलिस अफसर