आरएसएम की छात्रा का मिट्ठेपुर के पास नहर से शव बरामद
धामपुर। नहर में कूदी छात्रा का शव सोमवार को गांव महीपतपुर जमाल और मिट्ठेपुर के पास नहर से बरामद हुआ है। शव के बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। छात्रा के नहर में कूद कर जाने देने के कारणों का पता नहीं लग सका है। पुलिस ने परिजनों के अनुरोध पर शव का बिना पोस्टमार्टम कराए परिजनों को सौंप दिया।
नहर में कूदी आरएसएम की छात्रा पूजा का शव चार दिन बाद मिट्ठेपुर के पास नहर से पुलिस ने बरामद कर लिया है। बताया गया कि गांव भज्जावाला निवासी मुनेश कुमार ने 23 दिसंबर को दी तहरीर में बताया था कि उनकी 19 वर्षीय पुत्री पूजा आरएसएम डिग्री कालेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। 23 दिसंबर को वह अन्य छात्राओं के साथ कालेज के पढ़कर साइकिल से अपने घर आ रही थी। इस दौरान पूजा ने साइकिल से उतरकर नहर में छलांग लगा दी थी। अन्य छात्राओं के शोर मचाने पर लोगों ने उसे बचाने का भी प्रयास किया। लेकिन नहर में पानी का तेज प्रवाह होने से सफलता नहीं मिल सकी थी। पुलिस ने भी गोताखोरों की मदद से नहर में पूजा को तलाशने का प्रयास किया था।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को पूजा का शव गांव मिट्टेपुर के पास नहर से बरामद हुआ है। मृतका के परिजनों ने किसी कार्रवाई से इंकार कर दिया। जिस पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव को परिजनों के हवाले कर दिया। छात्रा के नहर में कूूद कर जान देने के कारणों के बारे में पुलिस जानकारी कराने का प्रयास कर रही है।