पूर्व सांसद के रोड को दिखाए काले झंडे
नांगलसोती/नजीबाबाद। भाजपा के पूर्व सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह ने किसानों के विरोध के बीच महंमसापुर से चंदोक तक रोड शो किया। चंदोक, सौफतपुर और चमरौला में भारतेंद्र सिंह ने क्षेेत्रवासियों को केंद्र और प्रदेश की आर्थिक नीतियों से बहुमुखी विकास की जानकारी दी।
भारतेंद्र सिंह के नगर पंचायत साहनपुर आवास से वाहनों पर सवार समर्थकों का काफिला नांगलसोती क्षेत्र पहुंचा। भारतेंद्र सिंह ने नांगलसोती के गांव चंदोक, सौफतपुर और चमरौला में केंद्र और प्रदेश सरकार के ग्रामीण विकास कार्यक्रमों से कायाकल्प होने की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला गैस योजना सहित विभिन्न योजनाओं को आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए वरदान बताया। रोड शो और संगोष्ठी में भाजपा नेता बीरेंद्र शर्मा, राजकुमार, संदीप तोमर, संजय त्यागी एड., कुलबीर सिंह, समर सिंह, नीटू चौधरी, पंकज त्यागी, सचिन कुमार, देवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक शामिल हुए।
किसानों ने काले झंडों के साथ विरोध प्रदर्शन के उनके रोड शो के विरोध का प्रयास किया। पुलिस ने किसानों को रोड शो कार्यक्रम से दूर रोककर विरोध और टकराव की स्थिति टाल दी। उधर, नांगलसोती क्षेत्र के गांव महंमसापुर के समीप अनेक किसानों ने काले झंडों के साथ कृषि कानून और भाजपा की किसान मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।