उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में यूपीएससी टॉपर श्रुति शर्मा के स्वागत समारोह में श्रुति शर्मा ने अपने आप पर गर्व महसूस करते हुए कहा कि वे अपने नाम को अपने गांव बास्टा, अथाई व चांदपुर बिजनौर से जोड़ पाई हूं। श्रुति ने गांव बास्टा में अपने पिता सुनील दत्त शर्मा द्वारा संचालित विद्यालय में पहुंचकर अपने दादा दादी के चित्र पर माल्यार्पण भी किया।
चांदपुर क्षेत्र के गांव बास्टा में आयोजित यूपीएससी टॉपर गांव बास्टा निवासी सुनील दत्त शर्मा की पुत्री श्रुति शर्मा के स्वागत समारोह में श्रुति शर्मा ने क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त किया कि इतनी बड़ी संख्या में वे अपने गांव क्षेत्र की बेटी को अपना प्यार, आशीर्वाद देने आए हैं। मैं अपने आप को बहुत गौरांवित महसूस कर रही हूूं कि जो मैं अपने नाम को गांव अथाई, बास्टा, चांदपुर बिजनौर से जोड़ पाई हूं।
उन्होनें कहा कि शायद दस दिन पहले मैने ये नहीं सोचा था कि ऐसा कभी हो पाएगा। बस छोटी सी उम्मीद थी कि मैं परीक्षा में पास हो जाऊ तथा मुझे आईएएस बनकर देश की सेवा करने का मौका मिल पाए, पर मुझे उससे बहुत कुछ ज्यादा मिला है।
यह भी पढ़ें: UPSC Topper: श्रुति शर्मा का ढोल नगाड़ों से स्वागत, छात्रों को दिए सफलता के ये 10 जरूरी टिप्स
उन्होनें कहा कि बास्टा से जो यादें जुड़ी हैं वह अम्मा, पिताजी, दादीजी, दादाजी, परदादा के द्वारा जुड़ी हैं। पिताजी और अम्मा मुझे हमेशा पढ़ने के लिए प्रेरित करते रहते थे। पिताजी कहते थे कि मैं आगे चलकर तेरी गाड़ी में घूम सकूं।
मैं बहुत खुश हूं कि मैं उनके सपनों को किसी तरह पूरा कर पाई। इस सफलता को हासिल करने में मेरे पिताजी, माताजी, ताऊ, ताई, नानी, अध्यापकों, सहपाठियों का सहयोग रहा है। मैने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मुझे इतनी बड़ी सफलता मिलेगी।
गांव बीबीपुरा प्रधान फिरोज उर्फ बबलू के संचालन में चले स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्वागत समारोह के बाद यूपीएससी टॉपर श्रुति अपने पिता द्वारा संचालित बाल ज्ञान निकेतन इंटर कॉलेज में पहुंचकर मां सरस्वती, अपने दादा दादी के चित्र पर माल्यार्पण कर व चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया। प्रधानाचार्य महेश चंद्र शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इससे पूर्व बास्टा के निकट गांव कौशल्या में एडवोकेट हरिश्वर सिंह के आवास पर यूपीएससी टॉपर श्रुति शर्मा का जोरदार स्वागत किया गया।