धामपुर। धामपुर चीनी मिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संदीप शर्मा के पुत्र राहुल शर्मा स्पाइसजेट कंपनी में कैप्टन पायलट के पद पर कार्यरत हैं। धामपुर (बिजनौर) के लाल राहुल शर्मा ने साहस का परिचय देते हुए रविवार सवेरे रोमानिया पहुंचे और वहां से 180 छात्र-छात्राओं को लेकर सोमवार को फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे। दिल्ली आने पर बच्चों ने भारत सरकार को धन्यवाद कर भारत माता की जय के गगनभेदी नारे लगाए।
राहुल शर्मा ने अमर उजाला से वार्ता कर बताया कि वह सरकार की ओर से यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्र-छात्राओं को गंगा आपरेशन के तहत सात सदस्यीय स्टाफ के साथ फ्लाइट एसजी 9542 से रोमानिया पहुंचे। वहां से वह सोमवार को 180 छात्र-छात्राओं को फ्लाइट से लेकर सुरक्षित दिल्ली पहुंचे।
उन्होंने बताया कि फ्लाइट रविवार सुबह 7.30 बजे रोमानिया के सुकेवा के एअर पोर्ट पर लैंड किया। उसी दिन रात को दो बजे फ्लाइट एसजी 9543 से 180 छात्र-छात्राओं को ऑपरेशन गंगा के तहत लेकर सोमवार सुबह 11.40 बजे दिल्ली टर्मिनल थ्री पर सुरक्षित लैंड किया। राहुल शर्मा के प्रयास की धामपुर चीनी मिल के अधिकारियों, कर्मचारियों व उनके परिजनों की ओर से खूब सराहनीय की जा रही है। धामपुर चीनी मिल के जीएम प्रशासन विजय गुप्ता, जीएम गन्ना ओमवीर सिंह, मनोज चौहान, पंकज शर्मा, सुदर्शन कुमार आदि ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।