हिस्ट्रीशीटर के घर समन तामील करने गई पुलिस पर चार लोगों ने हमला कर दिया। दरोगा और सिपाही से धक्कामुक्की करते हुए वर्दी फाड़ दी। पुलिस कर्मियों को लाठी डंडों से पीटा। घायलों को पीएचसी कोतवाली देहात में भर्ती कराया गया है। वहीं रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
थाना कोतवाली देहात की अकराबाद पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा जोगिंदर तेवतिया, कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह और महिला कांस्टेबल करिश्मा के साथ गांव अकबराबाद में हिस्ट्रीशीटर आसिफ को समन तामील कराने गए थे। मौके पर आसिफ पुत्र रशीद, नजाकत पुत्र समीम, मोहम्मद अकरम उर्फ राहुल पुत्र कालू तथा एक महिला मौजूद थे।
इस दौरान आरोपियों ने पुलिस के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने दरोगा का गिरेबान पकड़कर गला दबा दिया। इस दौरान दरोगा के हाथ में काट लिया और वर्दी फाड़ दी। वर्दी के मोनोग्राम भी नोच लिया।
सूचना पर अतिरिक्त पुलिस पहुंची तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने दरोगा जोगिंदर तेवतिया की तहरीर पर आसिफ, नजाकत, मोहम्मद अकरम उर्फ राहुल तथा एक अज्ञात के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ये भी देखें...
UP: मेरठ समाजवादी पार्टी में फूट, छात्र सभा के राष्ट्रीय महासचिव बोले- किठौर विधायक नहीं उठाते जनता के मुद्दे