एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में स्योहारा के गांव अमीनाबाद की गोशाला के संचालक बाबा प्रेमनाथ ने गोशाला चला रही समिति के पदाधिकारियों पर 310 गोवंश गायब करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। मामले की जांच पड़ताल हुई तो पुलिस ने दावा किया कि मामला गोशाला की जमीन के विवाद का है। जिन पर आरोप है, उन्होंने अधिकांश गोवंश दूसरी गोशालाओं में भेज दी थी। कुछ गोवंश ग्रामीणों को दिए गए थे। हिंदू युवा वाहिनी मंडल प्रभारी डॉक्टर एनपी सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव अमीनाबाद में निराश्रित गोवंश को बचाने के लिए बाबा प्रेमनाथ ने गोशाला का संचालन शुरू किया था। मंगलवार की शाम बाबा प्रेमनाथ ने हिंदू युवा वाहिनी मंडल प्रभारी डॉ. एनपी सिंह और कार्यकर्ताओं के साथ थानाध्यक्ष को गोशाला से 310 गोवंश गायब होने तहरीर दी। बाबा ने शिकायतीपत्र में गांव के ही कुछ लोगों पर गोशाला की जमीन हड़पने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है। हिंदू युवा वाहिनी मंडल अध्यक्ष डॉ. एनपी सिंह ने एक सप्ताह के भीतर मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें: तस्वीरें: धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार... छात्रा की हत्या मामले में मिले अहम सुराग, जल्द खुलेगा खौफनाक राज
थानाध्यक्ष आशीष तोमर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि कमेटी के कुछ पदाधिकारियों ने यहां बाढ़ का पानी आने का हवाला देते हुए अधिकांश गोवशं दूसरी छोछरीमोड़ की गोशाला में शिफ्ट करा दिए थे। इसके अलावा बाकी गोवंश ग्रामीणों को पालने के लिए दे दिए थे। यह मामला गोशाला की जमीन को लेकर है। आगे की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। एसपी बिजनौर डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें: धर्मांतरण: शादमा के प्यार में सौरभ ने चलाया ठेला, बदला धर्म...फिर बदल गई पूरी कहानी