गांव जलालपुर भूड़ के जंगल में ड्रोन से तेंदुए की तलाश की गई।
- फोटो : अमर उजाला
मंदिर की सफाई कर रही महिला पर गुलदार (तेंदुए) ने झपट्टा मार दिया। गुलदार के पंजे में दुपट्टा फंसा तो महिला की चीख निकल गई। पास में ही मौजूद वन विभाग की टीम ने फायरिंग करते हुए गुलदार को खदेड़ा। वहीं पांच सौ मीटर दूर भी गुलदार ने एक दुधिये पर हमले का प्रयास किया। ग्रामीण लाठी डंडे लेकर दौड़े तो गुलदार भाग निकला।
रविवार सुबह करीब छह बजे गांव का ही गजेंद्र सिंह बाइक पर सवार होकर अपनी दूध की डेयरी पर जा रहा था। गुलदार ने उस पर हमला कर घायल करने का प्रयास किया। उसकी चीख निकल जाने पर लोग लाठी डंडे लेकर दौड़कर मौके पर पहुंचे। शोर मचाकर गुलदार को भगाया और उसकी जान बचाई।
उधर, गांव के जंगल में भगवान शिव का मंदिर है। विनोद देवी मंदिर में सफाई करने पहुंची। वहां पर मौजूद वन कर्मचारियों ने महिला को जाने से मना किया। लेकिन वह नहीं मानी। मंदिर परिसर में सफाई करते हुए एक गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया। गनीमत यह रही कि गुलदार के पंजे में महिला का दुपट्टा आकर फंस गया। इससे महिला को कुछ समय मिल गया। महिला की चीख सुनकर कुछ दूर मौजूद वन कर्मी आ गए। उन्होंने फायरिंग कर गुलदार को भगाया और उसकी जान बचाई। ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
चार दिन पहले गुलदार के हमले में जा चुकी किसान की जान
गांव जलालपुर भूड़ निवासी किसान पीयूष कुमार उर्फ पिंकी को 22 अगस्त को जंगल में गुलदार ने मार डाला था। ग्रामीणों को सरकारी नलकूप के समीप स्थित झाड़ी में उसका शव पड़ा मिला था।