अचानक तेज हवा के साथ धूल भरी आंधी शुरू हो गई। तेज आंधी में कई जगह पेड़ टूटने से विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। तेज आंधी में करीब आधा घंटे तक लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में शनिवार शाम को धूल भरी आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। आंधी से कई जगह पेड़ टूटने से विद्युत व्यवस्था चरमरा गई।
कोतवाली देहात क्षेत्र में शनिवार को लगभग साढ़े छह बजे अचानक काली घटा और तेज हवा के साथ धूल भरी आंधी शुरू हो गई। धूल भरी आंधी और काले बादलों से दिन में ही अंधेरा छा गया। राहगीर के वाहनों की हेडलाइट जलाकर निकले। वहीं अधिकतर वाहन चालक तो पेड़ गिरने के डर से अपने वाहनों को रोक कर खड़े हो गए।
धूल भरी आंधी से पेड़ों के तने और हॉर्डिंग टूट कर गिर गए। इस दौरान पेडों के पत्ते और कूड़ा आदि उड़ता रहा। लगभग 15 मिनट तक आंधी चलती रही। आंधी रुकने पर तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। आंधी से कई जगह पेड़ टूटकर विद्युत लाइन पर गिर गए। पेड़ टूटकर विद्युत लाइन पर गिरने से क्षेत्र के कई गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।