बिजनौर। डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2021 पूर्ण रूप से नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को हर परीक्षा केंद्र के प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए जिले भर में 17 केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा दो चरणों में होगी।
बुधवार को विकास भवन सभागार में बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारियों के संबंध में बैठक में डीएम उमेश मिश्रा ने अफसरों को निर्देश दिए कि बीएड प्रवेश परीक्षा पूर्ण रूप से नकल विहीन और पारदर्शी रूप से संपन्न कराई जानी चाहिए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं, जिससे परीक्षा केंद्र की सारी गतिविधियों का पता चल सके। इसके अलावा परीक्षा के दौरान कोरोना काल में शत-प्रतिशत रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
दो पारियों में होगी परीक्षा
उन्होंने बताया कि बीएड प्रवेश परीक्षा दो पारियों में आयोजित होगी, जिसके लिए जिले में 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बिना फोटो पहचान-पत्र के कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में प्रवेश न करें और किसी भी परीक्षार्थी के पास मोबाइल अथवा कोई भी इलेक्ट्रॉनिक यंत्र नहीं होना चाहिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर महिला पुलिस सहित पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि किसी भी स्तर पर नकल अथवा गड़बड़ी का अंदेशा न रहे। इस परीक्षा में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाएं।
कड़ी रहेगी निगरानी
डीएम ने स्पष्ट किया कि आगामी परीक्षाओं में भी इसी प्रकार की सुरक्षात्मक एवं अन्य व्यवस्थाएं कराएं, जिससे किसी भी स्तर पर नकल अथवा कोई व्यवधान पैदा न हो सके। इस अवसर पर सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, एसपी सिटी डा. प्रवीण रंजन सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विक्रमादित्य सिंह मलिक, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयकरन यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।