बीएलओ की वार्षिक वेतन वृद्धि पर लगी रोक
नजीबाबाद/किरतपुर। मतदाता सूची में गड़बड़ी मामले में प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर रतन के सहायक अध्यापक सचिन कुमार की बीएसए ने एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकनेे के आदेश जारी किए हैं। बीएलओ रहे अध्यापक द्वारा 20 नाबालिगों को मतदाता सूची में शामिल किए जाने पर कार्रवाई की गई।
गांव शाहजहांपुर रोशन उर्फ गडीकपुरा निवासी शहाना ने आईजीआरएस पोर्टल पर 17 जून 2021 को शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि बीएलओ ने विपक्षी से हमसाज होकर फर्जी प्रपत्र तैयार कर फर्जी आधार कार्ड के आधार पर कई नाबालिगों को मतदाता सूची में सम्मिलित कराया था। एसडीएम परमानंद झा ने तहसीलदार राधेश्याम शर्मा के माध्यम से शिकायत की जांच कराई। उपजिलाधिकारी ने जुलाई में जांच आख्या बेसिक शिक्षा अधिकारी बिजनौर को भेजकर संबंधित बीएलओ किरतपुर ब्लॉक के तत्कालीन शिक्षामित्र द्वारा कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरतने तथा फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर 20 नाबालिगों को मतदाता सूची में शामिल कराने से प्रशासन की छवि धूमिल होने का तर्क देते हुए संबंधित बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की थी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयकरन यादव ने प्रशासन की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर रतन में कार्यरत सहायक अध्यापक (बीएलओ) सचिन कुमार की आगामी एक वार्षिक वेतन वृद्धि अस्थायी रूप से बाधित किए जाने के आदेश जारी किए।