मिलावटखोरों पर हो कार्रवाई
बिजनौर। डीएम उमेश मिश्रा ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय स्टेरिंग समिति की बैठक में एफएसडीए के कार्यों में पारदर्शिता, अपमिश्रित खाद्य पदार्थों के संबंध में जनता को जागरूक करने के निर्देश दिए।
डीएम ने संबंधित अभिहित अधिकारी को खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि खाद्य पदार्थों में खासतौर से रंगों की मिलावट से कैंसर का खतरा रहता है। कहा कि छोटे व्यापारियों के बजाए मिलावट वाले स्थानों पर जाकर सख्त कार्रवाई करें। कहा कि सब्जियों, मसालों, सिंथेटिक दूध, मिठाई, छेना, चिली व टमाटो सोस आदि में मिलावट की जा रही है, जो एक गंभीर विषय है। यह विषय मानव जीवन से जुड़ा हुआ है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। औषधि निरीक्षक आशुतोष मिश्रा को निर्देश देते हुए कहा कि बाजार में नकली दवाओं के विक्रेताओं की पहचान कर उन पर कड़ी कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। कोई भी किसी के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न करने पाए। मिलावट के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जाएं। इस दौरान सीडीओ केपी सिंह, एडीएम प्रशासन विनोद कुमार, डीपीआरओ सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।