मृतक के बड़े भाई कृपाल सिंह ने बताया कि वह सरकारी स्कूल में टीचर है। उनके दो छोटे भाई सतपाल सिंह (45) और गजराज सिंह दोनों गांव में रहते हैं। दोनों भाई शराब का सेवन करते हैं। शुक्रवार देर रात दोनों भाइयों के बीच शराब के नशे में लड़ाई हो गई। जिसके कारण उनके सबसे छोटे भाई गजराज ने शराब के नशे में बिचले भाई सतपाल सिंह को चाकू और डंडों से वार कर मौत के घाट उतार दिया।
वहीं, पुलिस ने आरोपी गजराज को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने घटना को स्वीकार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में गजराज ने सब कुछ उगल दिया। बताया गया कि सतपाल ने गजराज की पत्नी के साथ कुछ दिनों पहले छेड़खानी की थी। विरोध करने पर सतपाल ने उसे देख लेने की धमकी दे रखी थी। तभी से उसके और सतपाल के बीच में अनबन चल रही थी।
शुक्रवार रात जब सतपाल शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था तो उसने विरोध किया। इस दौरान सतपाल के न मानने पर झगड़ा हो गया। झगड़े में सतपाल की हत्या कर दी गई। सतपाल की हत्या का शक उस पर न हो। इसलिए उसने रात में ही मृतक सतपाल को घर से घसीट कर 50 मीटर की दूरी पर बगदाद जाने वाली सड़क पर फेंक दिया।
शनिवार को दिन निकलने पर गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटना के आरोप में मृतक के छोटे भाई गजराज को गिरफ्तार कर लिया है।
छह महीने पहले गांव के एक व्यक्ति ने गजराज की पत्नी से किया था दुष्कर्म
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के आरोपी गजराज की पत्नी के साथ छह महीने पहले गांव के एक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया था। दुष्कर्म के मामले में आरोपी जेल में बंद है। तब से उनके परिवार की संबंधित आरोपी परिवार से रंजिश चली आ रही है। आरोपी गजराज को घटना को अंजाम देने के बाद भी दुख महसूस नहीं हो रहा है।