Murder in Bijnor : बिजनौर में एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद युवक के शव को हौज में फेंक दिया गया। गिरफ्तार आरोपी ने कहा कि भाभी से अवैध संबंध का शक था, इसलिए मार डाला।
बिजनौर जनपद के हल्दौर में अनैतिक संबंध के शक में एक युवक की धारदार हथियार से वार करते हुए हत्या कर दी गई। हत्या कर शव को नलकूप की हौज में फेंक दिया। मामले के कुछ ही घंटों के बाद पुलिस ने दो बाल अपचारयों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
शनिवार को हल्दौर थाना क्षेत्र में बल्दिया-फड़ियापुर मार्ग पर स्थित एक नलकूप की हौज में रक्तरंजित शव पड़ा मिला। कुछ दूरी पर स्कूटी पड़ी मिली, स्कूटी के आधार पर ही मृतक की पहचान पंकज कुमार (29) निवासी मोहल्ला भूड़ हल्दौर के रूप में हुई। मृतक की मां सुधा नहटौर के एक निजी विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। उसके पति की भी मौत हो चुकी है।
महिला के अनुसार, उसका बेटा पंकज मजदूरी करता था। वह शुक्रवार की शाम सात बजे स्कूटी से गया था, लेकिन घर नहीं लौटा। एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, सीओ सिटी संग्राम सिंह और थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।
उधर, मृतक पंकज के चाचा डॉक्टर महेश सैनी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस पड़ताल में जुटी और हत्यारोपियों तक पहुंच गई। मामले में पुलिस ने दो हत्यारोपियों को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी नाबालिग है।
शव मिलने के कुछ घंटे बाद ही दो हत्यारोपियों को पकड़ लिया गया। पकड़ में आए एक आरोपी ने अपनी भाभी से अनैतिक संबंध के शक में अपने साथी के साथ मिलकर पंकज की हत्या की थी। मृतक का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। - संजीव वाजपेयी, एएसपी सिटी