नजीबाबाद। किसान सहकारी चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक की ओर से मिल के संचालकों सहित छह लोगों के विरुद्ध कार्यालय में हंगामा, कार्य में बाधा डालने तथा अभद्रता करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, आरोपियों की ओर से प्रधान प्रबंधक पर किसान हितों की अवहेलना कर मिल को भारी नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।
किसान सहकारी चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक भोलानाथ यादव ने थाने में दी तहरीर में बताया कि मिल एवं गन्ना समिति के डायरेक्टरों सहित छह लोगों ने शुक्रवार को कार्यालय में आकर फर्जी गन्ना पर्ची जारी कराने का दबाव बनाया और अभद्रता की, कामकाज में बाधा उत्पन्न करने तथा कर्मचारियों को धमकाने का आरोप लगाया है। प्रधान प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने राघव प्रताप, बेगराज सिंह, समरपाल सिंह, जयपाल सिंह, लोकेंद्र सिंह, अशोक कुमार के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
उधर, संचालक मंडल एवं किसानों की ओर से प्रधान प्रबंधक पर किसानों एवं कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने, स्वयं को शासन के एक अधिकारी का संबंधी बताकर मिल को आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया है।
संचालक मंडल एवं किसानों राघव प्रताप सिंह, बेगराज सिंह, अनिल कुमार, लोकेंद्र सिंह, अशोक कुमार, हुकुम सिंह ने जिला प्रशासन एवं चीनी मिल उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। जिसमें प्रधान प्रबंधक पर हठधर्मी नीति अपनाने, गन्ना पर्ची जारी न किए जाने से मिल की चीनी रिकवरी घटकर 7 तक पहुंचने तथा मिल को कई तरह से आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया है।
गन्ना पर्ची के आधार पर ही होगी तोल
प्रधान प्रबंधक भोलानाथ यादव ने बताया कि मिल के कुछ डायरेक्टर एवं किसान तोल लिपिकों से हमसाज होकर एडवांस गन्ना तोल करा रहे हैं। सूखे गन्ने से रिकवरी प्रभावित होती है। उन्होंने पूर्व सूचना में सभी तोल लिपिकों को गन्ना पर्ची के आधार पर ही तोल होने, सभी किसानों का गन्ना खरीदने तथा इंडेंट के अनुसार ही नियमानुसार गन्ना भुगतान होने के निर्देश जारी किए हैं।