चांदपुर। जमीन के दाखिल खारिज पर लगी आपत्ति हटाने के नाम पर 17 लाख रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना मवाना के गांव मोडकला निवासी प्रह्लाद ने अपने रिश्तेदार गांव किठोरी निवासी वीरेंद्र सिंह व नरेंद्र सिंह को वर्धमान एजूकेशनल सोसाइटी दिल्ली के प्रबंधक द्वारा गांव पृथ्वीपुर निवासी शीशपाल सिंह व राम सिंह की कृषि भूमि दिलवाई थी। चार जुलाई 2011 को जमीन का बैनाम हो गया था, लेकिन दाखिल खारिज नहीं कराया गया था। जब वीरेंद्र व रामसिंह ने दाखिल खारिज कराना चाहा तो शीशपाल व रामसिंह ने उस पर आपत्ति लगा दी। प्रहलाद ने बताया कि आपत्ति हटाने की बात हुई तो शीशपाल व उसके दो पुत्रों तथा रामसिंह व उसके दो पुत्रों ने आपत्ति हटाने के बीस लाख रुपये मांगे। सात दिसंबर 2011 को 17 लाख रुपये दे दिए, लेकिन उसके बाद भी आरोपियों ने आपत्ति नहीं हटाई। जमीन देखने गए तो आरोपियों ने गाली गलौज की। 30 मार्च 2014 को जमीन या रुपये देने की बात कही तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।