जिले में 13 कर्मचारियों सहित 99 और मिले कोरोना संक्रमित
बिजनौर। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना से 99 संक्रमित मरीज मिले हैं। आठ पुलिसकर्मी और पांच स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। किसी को भी अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया है। सभी को घर में ही सुरक्षा के साथ रहने को कहा गया है। अभी तक कोरोना संक्रमितों में जोखिम कम होने से स्वास्थ्य विभाग राहत की सांस ले रहा है।
पुलिसकर्मी और स्वास्थ्य कर्मचारी लगातार कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी आठ पुलिसकर्मी और पांच स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। कोरोना गाइडलाइंस में लापरवाही बरत रहा युवा वर्ग लगातार कोरोना संक्रमण का शिकार हो रहा है। बृहस्पतिवार को संक्रमित मिले मरीजों में केवल 14 की आयु 45 साल से अधिक है। बाकि 85 मरीज 45 साल से कम आयु वाले हैं। बृहस्पतिवार को जिले के लगभग हर ब्लॉक में संक्रमण के मरीज मिले हैं। हालांकि ज्यादातर लोगों को कोई गंभीर लक्षण नहीं है और मामूली जुकाम ही है। कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनमे कोरोना का कोई लक्षण नहीं है। इन्होंने किसी परिचित या परिजन के संक्रमित मिलने पर खुद की जांच कराई थी। रैपिड रेस्पांस टीम को संक्रमित लोगों के बारे में बता दिया गया है। वे इन लोगों से संपर्क करने में जुट गई हैं। जिले में कोरोना संक्रमण के एक्टिव केस की संख्या अब बढ़कर 454 हो गई है।
हर स्थिति के लिए रहना है तैयार : मंडलायुक्त
बृहस्पतिवार देर शाम मंडलायुक्त आंजनेय कुमार ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में गंभीर कोरोना संक्रमितों के लिए की गईं व्यवस्थाएं देखीं। मंडलायुक्त ने इमरजेंसी, पीकू वार्ड आदि में मरीजों को भर्ती करने के इंतजाम देखे और ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डीएम उमेश मिश्रा से कहा कि कोरोना से निपटने के लिए हर स्थिति का सामना करने को तैयार रहना है। अगर किसी मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत महसूस होती है तो इसमे कोई लापरवाही न की जाए। मरीजों के उपचार में स्वास्थ्य कर्मचारी भी विशेष सतर्कता बरतें। इस दौरान डीएम उमेश मिश्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विक्रमादित्य सिंह मलिक, सीएमएस डॉ.अरुण कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।