ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवक घायल
नींदडू़। बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रैक्टर-ट्राली रोकने के प्रयास में एक अन्य युवक भी जख्मी हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने नशे में धुत ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े सात बजे मोटर मैकेनिक का कार्य करने वाले नींदडू़ निवासी सदाम हुसैन (22) पुत्र शफीक अहमद तथा अब्दुल कादिर (18) पुत्र फसाहत हुसैन शुगर मिल धामपुर स्थित दुकान से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। गांव मौज्ज्मपुर जैतरा में पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली की बाइक से भिड़ंत हो गई। चालक ने ट्रैक्टर की तेज गति से भगा दिया। हादसे की सूचना मिलने पर कई ग्रामीण धामपुर-नूरपुर मार्ग पर पहुंच गए तथा तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली को रोकने की कोशिश की। इस दौरान 29 वर्षीय वकील अहमद ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गया। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गन्ने के कोल्हू व इंजन से जा टकराया, जिससे दुकानदार का काफी नुकसान हो गया। ट्रैक्टर का अगला पहिया निकलने से ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रैक्टर रुकते ही ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया तथा उसे पुलिस के हवाले कर दिया। चालक नशे में था। उसके ट्रैक्टर से शराब के दो पव्वे भी बरामद हुए। चालक ने अपना नाम पवन कुमार निवासी आदोपुर धूंधली बताया। वह ट्रैक्टर-ट्राली में नूरपुर मार्ग स्थित एक गांव के ईंट भट्ठे से ईंट ढोने का कार्य करता है। घायलों को उपचारार्थ धामपुर के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से जख्मी सद्दाम हुसैन को मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया।