बैठक से अनुपस्थित ईओ का वेतन काटने के आदेश
बिजनौर । जिलाधिकारी जगतराज ने सूचना के बावजूद बैठक में अनुपस्थित रहने पर कड़ी नाराजगी जताई। अनुपस्थित अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हल्दौर, शेरकोट और सहसपुर का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश अपर जिलाधिकारी प्रशासन को दिए। इसी के साथ विद्युत विभाग के अधिकारियों के समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर अपर जिलाधिकारी वि/रा को उनके खिलाफ शासन और विभाग के उच्च अधिकारियों को लिखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी जगतराज शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में कर करेत्तर की बैठक की अध्यक्षता करते हुए वसूली कार्य की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा के दौरान लक्ष्य के सापेक्ष वाणिज्य कर ने 91 प्रतिशत, परिवहन 110, विद्युत देय 108, स्टाम्प 62, आबकारी 63 तथा खनन 10 प्रतिशत वसूली कार्य किया गया। इसके अलावा मंडी शुल्क, बाट-माप, सिंचाई विभाग की ओर से लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत वसूली की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि भूराजस्व, आबकारी, खनन, एजी स्टांप सहित जिन विभागों की राजस्व वसूली मानक से कम है उन सभी अधिकारियों को नोटिस जारी करना सुनिश्चित करें। कहा कि शिकायतों का निस्तारण पूर्ण गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि शासन की ओर से आईजीआरएस पर अपलोड शिकायतों के गुणवत्तापूर्वक निस्तारण की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी स्तर पर साप्ताहिक, मंडलायुक्त स्तर पर पाक्षिक और शासन स्तर पर मासिक रूप से समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपने कर्तव्यों के प्रति उदासीनता न बरते अन्यथा उनके खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी जाएगी, जिसके लिए वे स्वयं उत्तरदायी होंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पत्रावली तीन दिन से अधिक समय तक किसी भी स्तर पर लंबित न रहे। उस पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अग्रसारित कर दिया जाए । इस अवसर अपर जिलाधिकारी वि/रा सुरेंद्रराम, प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल, डीएफओ बिजनौर, सभी उप जिलाधिकारी और तहसीलदारों सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, अधिशासी अधिकारी मौजूद थे।