वेटलिफ्टर गौतम सिंह ने पुणे में दिखाया दम
बिजनौर। गांव नारायण खेड़ी के वेटलिफ्टर गौतम सिंह ने महाराष्ट्र के पुणे में खेलो इंडिया के लिए हुई वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में 236 किलो वजन उठा कर कांस्य पदक जीता। इस जीत के साथ ही गौतम सिंह का चयन आठ साल के लिए खेलो इंडिया के लिए हो गया है। उसकी इस सफलता से परिजन व जिले के वेटलिफ्टर खुश हैं।
ब्लॉक नहटौर का गांव गिलाड़ी जिले में वेटलिफ्टरों के लिए हब साबित हो रहा है। इस गांव ने कई बडे़ खिलाड़ी दिए हैं। कोच करन सिंह की देखरेख में बच्चे वेटलिफ्टिंग के गुर सीखते हैं। इसी क्षेत्र के गांव नारायण खेड़ी निवासी किसान मनोज कुमार के 15 वर्षीय पुत्र गौतम सिंह ने सोमवार को पुणे के छत्रपति शिवाजी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलो इंडिया के लिए हुई प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। पिता मनोज कुमार ने बताया कि गौतम सिंह ने क्लीन एवं जर्क में 132 व स्नैच में 104 कुल 236 किलो वजन उठा कर प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है। इस जीत से उसका चयन खेलो इंडिया में आठ वर्ष के लिए हो गया है। अब गौतम सिंह को आठ वर्ष तक सरकार की ओर से प्रति वर्ष पांच लाख रुपये और पढ़ाई से लेकर रहने, खाने कोच आदि की सुविधाएं मुहैया होगी। साथ ही खेलो इंडिया में जाने वाले वह जिले के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। गौतम सिंह की इस सफलता से कोच करन सिंह भी गदगद हैं। उन्होंने बताया कि जिले के कई और भी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। परिजनों में भी खुशी है।