चांदपुर में गन्ना किसानों का बकाया भुगतान को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने तहसील में तालाबंदी की दी। तालाबंदी से तहसील व रजिस्ट्री कार्यालय का कामकाज ठप रहा। एसडीएम के समझाने पर भी किसान अपनी जिद पर अड़े रहे।
भाकियू का किसानों के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर तहसील पर दो जनवरी से किसानों का धरना जारी है। सोमवार को धरने के 13वें दिन आक्रोशित किसानों ने सुबह तहसील में तालाबंदी कर दी, जिससे तहसील व रजिस्ट्री कार्यालय से संबंधित कार्य ठप हो गए। तहसील व रजिस्ट्री के काम से आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एसडीएम आलोक यादव व तहसीलदार यदुवीर सिंह ने किसानों को ताला खोलने के लिए काफी समझाया, लेकिन किसान अपनी जिद पर अड़े रहे।
किसानों ने कहा या तो गन्ना भुगतान करो वर्ना जेल भेजो। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों का गन्ना भुगतान नहीं होता है तो 21 जनवरी को जिले की पांचों तहसील में तालाबंदी कर दी जाएगी। चौधरी रामपाल सिंह की अध्यक्षता व शीशपाल सिंह के संचालन में धरने पर लुधियान सिंह, कुलदीप सिंह, खुशपाल सिंह, नईम जैदी, बागेश्वर सिंह, कल्याण सिंह, सत्यवीर सिंह, नरेश कुमार, लोकेंद्र सिंह, राजीव देवरा, कुशलपाल सिंह, राहुल चौधरी, हुकुम सिंह गुर्जर, जहीरूद्दीन, घसीटा, रोहिताश सिंह, मोहम्मदहाजी सिराज, नौवहार सिंह, योगेंद्र पाल सिंह, गजेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह, कुलदीप सिंह, मुखिया रामफल सिंह आदि मौजूद रहे।
वकीलों ने किया धरने का समर्थन
चांदपुर में भाकियू का किसानों के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर तहसील पर चल रहे धरने के 13वें दिन अधिवक्ताओं ने धरने पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया। सोमवार को बार एसोसिएशन चांदपुर के अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में चल रहे भाकियू के धरने को अपना समर्थन दिया। अधिवक्ताओं ने शासन द्वारा कोई कार्रवाई न करने पर रोष व्यक्त करते हुए किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र दिलाए जाने की मांग की। इसमें एसोसिएशन के अध्यक्ष नईम हैदर जैदी, सचिव सोमपाल सिंह, नागेंद्र सिंह, चौधरी सुरेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, सुरेंद्र पंकज, विजय सिंह, विकास भटनागर, राजीव गर्ग, कुलदीप सिंह, इंतजार जैदी, सतीश त्यागी, ओमपाल सिंह, जोगराज सिंह, गुलाब सिंह, नीरज तिवारी आदि मौजूद रहे।
विधायक कमलेश सैनी का किसानों ने किया घेराव
बिजनौर में राष्ट्रीय मजदूर किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंची चांदपुर विधान सभा क्षेत्र की विधायक कमलेश सैनी को किसानों का विरोध का सामना करना पड़ा। काफी देर तक उनकी गाड़ी का घेराव किया गया। राष्ट्रीय मजदूर किसान संगठन का सातवें दिन भी आमरण अनशन कलक्ट्रेट में जारी रहा। सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम से मिलने पहुंची चांदपुर क्षेत्र की भाजपा विधायक कमलेश सैनी को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। विधायक किसी काम से कलक्ट्रेट आई थी। भाजपा विधायक किसानों के धरने पर नहीं पहुंची। इस बात से किसान नाराज हो गए। किसानों ने विधायक की गाड़ी का घिराव कर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का कहना था कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार किसानों के दम पर बनी है। अब भाजपा नेता किसानों की समस्याओं से छिपे घूम रहे हैं। उनके साथ धोखा किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि मांग पूरी होने के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा। किसान अपनी मांगों को लेकर हर लडाई लड़ने को तैयार है। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को किसानों की महापंचायत कलक्ट्रेट में होगी। जिसमें आंदोलन को तेज करने व आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। महापंचायत में कई किसान नेता पहुंचेंगे। महापंचायत में राष्ट्रीय मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वी एम सिंह भी पहुंचेंगे। किसान धरने पर डटे हैं। महापंचायत की तैयारी के लिए संगठन के कई पदाधिकारी गांव गांव पहुंच कर किसानों से महापंचायत में पहुंचने का आह्वान कर चुके हैं। किसानों ने दावा किया कि गन्ने के बकाया भुगतान न होने से किसानों की परेशानी बढ़ी है। धरने पर अंकुर सिंह, कैलाश सिंह, विनोद कुमार, मनीष कुमार, पुखराज सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।