ग्राम प्रधान के खिलाफ सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन
नजीबाबाद। सफाई कर्मचारी के साथ अभद्रता व उत्पीड़न के खिलाफ सफाई कर्मचारी लामबंद हो गए। सफाई कर्मचारियों ने बीडीओ कार्यालय पर ग्राम प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की। साथ ही इस दौरान एडीओ पंचायत को ज्ञापन सौंपा गया ।
उत्तर प्रदेश पंचायती राज सफाई कर्मचारी ग्राम पंचायत सेवक संघ के जिलाध्यक्ष दीपक चौटाला, महामंत्री नरेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में बीडीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एडीओ पंचायत ऋषि कुमार को एक ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन में छिंदौक ग्राम प्रधान पर सफाई कर्मचारी का उत्पीड़न करने, सफाई कर्मचारी से पंचायत की सफाई के साथ-साथ अपने घर व पशुशाला की सफाई करवाने, विरोध करने पर सफाई कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सफाई कर्मचारी का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एडीओ पंचायत ऋषि कुमार ने प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों को जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों में सुरेंद्र पाल सिंह, संजीव कुमार, उमा देवी, कपिल देव, देवेंद्र कुमार, जीवन सिंह, अर्जुन कुमार, प्रदीप कुमार, नंदकिशोर, फतेह सिंह, धनीराम, दिनेश कुमार, रुपेश कुमार, महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।