हल्दौर। मंढ़े की दावत में बिरयानी और उड़द खाकर बीमार हुए कई लोगों के स्वास्थ्य में अब भी सुधार नहीं हुआ है। शुक्रवार को बारात के लिए दुल्हन पक्ष ने खाना बनवाने में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा। खाद्य निरीक्षक ने गांव जाकर खुली मिर्च और गुलाब जामुन के सैंपल लिए।
क्षेत्र के गांव छजुपुरा सादात निवासी एक व्यक्ति की दो बेटियों की शादी के मंढ़े की बृहस्पतिवार शाम दावत हुई थी। दावत में बिरादरी के लोगों समेत अन्य ग्रामीणों को आमंत्रित किया गया था। ग्रामीणों के अनुसार दावत में सादी बिरयानी और उड़द प्रमुख रूप से परोसा गया था। दावत खाने वाले करीब 100 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पेट में दर्द, उल्टी-दस्त आदि की शिकायत हो गई। सभी को प्राइवेट और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। नजर अहमद, शाही वास्ती, जाफर समेत कई लोगों के स्वास्थ्य में अभी भी सुधार नहीं हुआ है।
शुक्रवार को सीएचसी प्रभारी मदनपाल सिंह स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ गांव पहुंचे। टीम ने दावत खाकर बीमार हुए जमन नकवी, समीर, मुराद अली, रविश, नुसरत जहां, सज्जाद, जमाल, कमाल आदि के स्वास्थ्य की घर-घर जाकर जांच की। गांव पहुंचे फूड इंस्पेक्टर तेजबहादुर सिंह ने दावत में प्रयुक्त बाजार से खरीद कर लाई गई खुली लाल मिर्च और गुलाब जामुन के नमूने लिए। वहीं शुक्रवार को दोनों युवतियों की बारात गांव पहुंची। दुल्हन पक्ष ने बारात के लिए बनाए खाने की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा।