जिले के 10052 अभ्यर्थी ने दी टीजीटी परीक्षा
बिजनौर। टीजीटी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। दूसरे व अंतिम दिन 86.87 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए हैं। दो दिन में 10 हजार से अधिक अभ्यर्थी ने परीक्षा दी है। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास काफी संख्या में पुलिस तैनात रही। कोरोना गाइडलाइंस का पालन कराने में सख्ती बरती गई। परीक्षा खत्म होने के बाद भारी जाम लग गया।
जिले को पहली बार टीजीटी का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय पर दस केंद्र थे। डीएम उमेश मिश्र स्वयं परीक्षा की व्यवस्थाओं पर निगरानी रखें थे। दो दिन में 85.52 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे। महिला अभ्यर्थी काफी संख्या में थी। आखिरी दिन पुलिस जगह जगह तैनात रही। दूसरे व आखिरी दिन पहली पाली में पंजीकृत 2783 अभ्यर्थियों में से 2396 उपस्थित व 387 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में पंजीकृत 1596 अभ्यर्थियों में 1399 उपस्थित व 197 अनुपस्थित रहे हैं। दो दिन की टीजीटी परीक्षा में 10 केंद्रों पर 11769 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 10052 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है। इस प्रकार कुल 85.52 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन संपन्न हुई है। दो दिन में किसी भी केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया है। कोरोना गाइडलाइंस का पालन किया गया है। सभी केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहे हैं। परीक्षा छूटने के बाद परीक्षार्थियों की भीड़ के आगे सभी इंतजाम कम पड़ गए। शास्त्री चौक, प्रदर्शनी व जजी चौक पर बहुत देर तक जाम लगा रहा। जाम खुलवाने में पुलिस कर्मियों को भारी मशक्कत झेलनी पड़ी।