रास्ते में गुलदार देख पेड़ पर चढ़ गए ग्रामीण
हरेवली। क्षेत्र के गांव शाहनगर कुराली के चार लोगों का रविवार को गुलदार ने रास्ता रोक दिया। गुलदार को देख चारों किसान पेड़ पर चढ़ गए। मोबाइल फोन से उन्होंने गांव में सूचना दी। कुछ देर बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गुलदार को खदेड़ने के बाद उन्हें पेड़ से उतारा।
शाहनगर कुराली निवासी अजयराम, रामकुमार, चेतराम सिंह, कृपाल सिंह ने धान की रोपाई कर गांव लौट रहे थे। उन्होंने रास्ते में गुलदार को बैठा देखा। जान बचाने के लिए वे पास ही एक पेड़ पर चढ़ कर जा छिपे। पेड़ पर चढ़ने के बाद उनकी निगाह गुलदार की गतिविधियों पर ही टिकी रही। उन्होंने फोन से ग्रामीणों को सूचित कर दिया। जिसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर जंगल की ओर से दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर गुलदार को जंगल की ओर खदेड़ा और चारों लोगों को सकुशल गांव लेकर पहुंचे। ग्रामीणों के मुताबिक गुलदार किसी शिकार की तलाश में था। मामले की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को भी दी गई। वन क्षेत्राधिकारी विरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वह पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़कर वन में छुड़वाने का प्रयास करेंगे।