ट्रेन के धक्के से मौत की सूचना के बाद मौके पर जुटे परिजन और लोग
- फोटो : BHADOHI
जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर बृहस्पतिवार की सुबह बीते 24 घंटे के भीतर ट्रेन से कटकर एक वृद्ध सहित दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। घटनाएं चौरी और भदोही क्षेत्र में हुईं। चौरी में एक वृद्ध की मौत हुई जिसकी पहचान नहीं हो सकी।
भदोही-जंघई रेल मार्ग के पकरी रेलवे फाटक के समीप बुधवार की रात में ट्रेन से धक्का लगने से 38 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, संदीप कुमार यादव निवासी पकरी बुधवार की शाम को घर से निकला था। वह रोज निकलता था इसलिए लोग परेशान नहीं हुए। रात नौ बजे तक जब पहीं लौटा तो लोग परेशान होकर ढूंढने लगे। परिजनों ने बताया कि आधी रात तक हर संभावित स्थान पर देखने के बाद वे सो गए थे। सुबह होते ही जब शौच के लिए लोग ट्रैक की ओर गए तो शव देख कर स्तब्ध रह गए। शव मिलने की जानकारी पाकर परिवार के लोग मौके पर गए तो शव संदीप का था। जीआरपी भी मौके पर पहुंची। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
इसी तरह दूसरी घटना चौरी क्षेत्र की है। उत्तर रेलवे के जंघई-वाराणसी रेल खंड पर बृहस्पतिवार को जगदीशपुर पूर्वी रेलवे फाटक के समीप ट्रेन से कटकर अज्ञात वृद्ध की मौत हो गई। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने पंचनामा कराया। ग्रामीणों ने बताया कि जगदीशपुर पूर्वी फाटक के पास वृद्ध जा रहा था। तभी ट्रेन की चपेट में आ गया। जीआरपी उपनिरीक्षक मनोज कुमार टीम के साथ पहुंचे और शिनाख्त करने में जुटे रहे।