बारिश के बाद उमस और गर्मी बढ़ गई है। इसी में बिजली आपूर्ति कई क्षेत्रों में चरमरा गई है। नगर हो या ग्रामीण क्षेत्र सभी जगहों के छोटे-बड़े ट्रांसफार्मर जवाब देने लगे हैं। जिसके चलते पेयजल संकट खड़ा हो गया है और उमस भरी गर्मी में उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है।
ज्ञानपुर के पुरानी कलेक्ट्रेट स्थित लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर तीन दिन से फुंका हुआ है। इससे 100 से अधिक घरों में आपूर्ति ठप है। विभागीय ठेकेदारों की मनमानी से बुधवार शाम तक ट्रांसफार्मर नहीं लग सका। जिसके कारण लोगों को उमस और गर्मी में जूझना पड़ रहा है। पुरानी कलेक्ट्री निवासी शुभम, दीनानाथ, पप्पू, गणेश ने बताया कि तीन दिनों से लोग अंधेरे में रह रहे हैं और पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। उमस और गर्मी में लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
बढ़ौना गांव में 25 दिन पूर्व जला ट्रांसफार्मर भी अब तक नहीं लग सका। बढ़ौना निवासी जटाशंकर दुबे, विजय शंकर दुबे, नीरज तिवारी, बाबा पांडेय, मानदार चौहान, सुभाष चौहान, अमरनाथ ने कहा कि बभनौटी उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारियों की मनमानी से कनेक्शनधारक परेशान हैं। गिरजाशंकर ने आरोप लगाया है कि हेल्प लाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी बिजली सही नहीं की जा रही है। उपकेंद्र वहिदानगर, सेमराध, सीतामढ़ी, लालानगर, घोसिया, चौरी, चकापुर-महाराजगंज, मिश्राइनपुर-अभोली, फत्तूपुर-भदोही, रमईपुर, गिराई उपकेंद्र से जुड़े विभिन्न फीडर के कई गांव ट्रांसफार्मर विहीन हैं। एक्सईएन सदर मनोज कुमार ने बताया कि फाल्ट के कारण ट्रांसफार्मर जले हैं। स्थानीय वर्कशाप में उपलब्धता न होने पर मिर्जापुर से मांग की गई है। जैसे ही ट्रांसफार्मर विभाग को उपलब्ध होंगे लगाकर आपूर्ति व्यवस्था बहाल करा दी जाएगी।