ज्ञानपुर में कंपोजिट विद्यालय के एक शिक्षक ने पाचवीं कक्षा की छात्रा से अश्लील हरकत की। परिजनों की तहरीर पर शिक्षक के खिलाफ पुलिस ने छेड़खानी, पॉक्सो, एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच बीईओ को सौंपी गई है।
आरोप है कि सुरियावां ब्लॉक के कस्तूरीपुर बाजार के समीप स्थित कंपोजिट विद्यालय में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा से दो दिन पूर्व शिक्षक संदीप कुमार गुप्ता ने अश्लील हरकत की थी। परिवार वालों ने इसकी शिकायत पुलिस की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उसके बाद ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया। मामला बढ़ने पर पुलिस हरकत में आई और छात्रा की मां की तहरीर शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने दो माह पहले छठवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ भी अश्लील हरकत की थी। तब उसने गांव वालों से माफी मांगी और पुलिस से मिलकर मामले को दबा दिया। इस बार हद हो गई तो विरोध करने के सिवाय कोई चारा नहीं रहा।
ग्रामीणों के विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी को सौंप दी। उन्होंने बताया कि आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।