शासन के निर्देश पर आपूर्ति विभाग ने बेघर और कूड़ा-कचरा उठाने वाले परिवारों की खोज शुरू कर दी है। बुधवार को भदोही, गोपीगंज, सुरियावां, अभोली क्षेत्र में लगभग 60 लोगों को चिह्नित करने के साथ ही विभाग के लोगों ने उन्हें प्राथमिकता से राशन कार्ड उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
नोडल अधिकारी दिनेश कुमार यादव ने बताया कि खाद्य एवं रसद विभाग की तरफ से ऐसे परिवारों को नि:शुल्क राशन देने की योजना बनाई गई है, जो मलिन बस्तियों में रहकर जीविकोपार्जन कर रहे हैं। जिनके पास पहचान पत्र नहीं होने पर भी पात्रता की श्रेणी में लाकर राशनकार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। नगर और ग्रामसभा से जारी पहचान पत्र ही मान्य होंगे। बस्तियों में पात्रता चिह्नित होने पर शासन के पोर्टल पर पात्रों का पंजीकरण भी कराया जा रहा है। किसी स्थिति में राशनकार्ड से वंचित परिवार टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001800150 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पोर्टल पर ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन मान्य होंगे। पहचान पत्र नहीं होने पर एसडीएम स्तर से पहचान पत्र उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि भदोही नगर से 15, गोपीगंज में नौ, सुरियावां और अभोली से 35 परिवारों को राशनकॉर्ड के लिए चिह्नित किया गया है। चिह्नित लोगों को प्राथमिकता के आधार पर राशनकॉर्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। ऐसे परिवारों को चिह्नित करने में स्वयंसेवी संस्थाओं से सहयोग लिया जाएगा।