ज्ञानपुर नगर में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर राखी की खरीदारी करते लोग।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। भाई-बहन के अटूट स्नेह का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन सोमवार को मनाया जाएगा। बहनें अपने प्यारे भाइयों को रक्षासूत्र बांधकर आजीवन सुरक्षा का वचन लेंगी। भाई अपनी बहनों को सुरक्षा का वचन देने के साथ ही उपहार देते हैं। त्योहार की तैयारियों को रविवार देर शाम तक पूरा कर लिया गया था। खरीदारी के लिए बाजार में राखी और मिठाई की दुकानों पर खूब भीड़ लगी दिखी।
कोविड-19 के असर के बीच जिले में रक्षाबंधन का उत्साह सिर चढ़कर बोल रहा है। सोमवार को त्योहार मनाया जाएगा, लेकिन उसकी तैयारियां सप्ताहभर पूर्व से ही हो रहीं हैं। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की मांग पर जिला प्रशासन ने रक्षाबंधन के मद्देनजर रविवार की साप्ताहिक बंदी के दिन भी बाजार खोलने की अनुमति दे दी थी। लिहाजा रविवार को सुबह से ही जिला मुख्यालय के बाजार खुले रहे। कुछ दुकानदारों ने एहतियातन स्वत: अपनी दुकानें नहीं खोली, मगर मिठाई, राखी और गिफ्ट कपड़े आदि की दुकानें खुली रहीं। इस दौरान लोगों ने जमकर खरीदारी की। बहनें अपने भाई की कलाई पर फबने वाली रंग-बिरंगी राखियां खरीद रहीं थीं तो भाई बहनों को देने के लिए कपड़े और उपहार खरीदने में मशगूल थे। दोपहर तक सामान्य हालात होने के बाद शाम चार बजे से बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी और देर शाम तक खरीदारी का दौर चला। शाम को नगर की सड़कों पर मेले सा नजारा हो गया। इस दौरान कई बार सोशल डिस्टेंसिंग के मानक भी टूटते दिखे।