घोसिया। महिला आयोग की सदस्य ऊषा रानी ने कहा कि महिला अपराध से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दास्त नहीं होगी। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लाभ शत प्रतिशत महिलाओं को दिया जाए।
वह बृहस्पतिवार को औराई ब्लॉक सभागार में मिशन शक्ति और विश्व पोषण कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहीं थी। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉल को देखा। पोषण पंचायत संग नुक्कड़ नाटक, गीत प्रस्तुत करने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सराहना की। कहा कि किसी भी महिला या लड़की के साथ यदि अपराध या गलत कार्य का मामला आता है तो मेरे व्यक्तिगत मोबाइल नंबर और महिला हेल्पलाईन नंबर पर तुरंत संपर्क करें। उन्होंने कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के लिए कहा। महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय पोषण माह के तहत हुए आयोजनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आगनबाड़ी कार्यकर्ता एक सशक्त महिला के रूप में हर गांव में काम कर रही हैं। सदस्य ने थाना औराई का निरीक्षण कर महिलाओं से जुड़े शिकायतों का निस्तारण करने का निर्देश दिया। इस मौके पर संतोष कुमार संग कई अधिकारी मौजूद रहे।