भदोही। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हॉकी, कुश्ती व एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल दो जनवरी से जिला स्टेडियम मूंसीलाटपुर में होगा।
जिला उप क्रीड़ा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि हॉकी सब जूनियर बालिका वर्ग का ट्रायल दो जनवरी को स्टेडियम में होगा। इसमें चयनित खिलाड़ी तीन को मंडलीय ट्रायल मिर्जापुर के भिस्खुरी पहाड़ी स्टेडियम में होगा।
यहां से चयन होने के बाद वे प्रदेशस्तरीय चयन ट्रायल में सात से 12 जनवरी तक मेरठ में हिस्सा लेंगे। कुश्ती जूनियर बालिका ट्रायल तीन जनवरी को स्टेडियम में होगा। यहां चयन के बाद पांच को मिर्जापुर और नौ से 11 जनवरी के बीच आजमगढ़ स्टेडियम में हिस्सा लेंगे। इसी तरह एथलेटिक्स सब जूनियर बालक व बालिका का जनपदीय ट्रायल एक जनवरी को जिला स्टेडियम, दो जनवरी को मंडलीय ट्रायल मिर्जापुर और प्रदेशस्तरीय ट्रायल अयोध्या में छह और सात बालक वर्ग, नौ व दस को बालिका वर्ग का होगा।
एथलेटिक्स सीनियर वर्ग का जनपदीय ट्रायल तीन जनवरी, मंडलीय ट्रायल पांच और प्रदेश स्तरीय ट्रायल 12 से 13 पुरूष वर्ग और 15-16 महिला वर्ग का अयोध्या में होगा।