ज्ञानपुर। ग्राम पंचायतों के विकास कार्य में धांधली रूक नहीं रही है। ताजा मामला ज्ञानपुर ब्लॉक के बनकट छनौरा गांव का सामने आया है। यहां शौचालय, किचन निर्माण और हैंडपंप रिबोर के नाम पर पांच लाख 20 हजार रुपये की अनियमितता में वीडीओ समेत तीन को नोटिस जारी किया गया है।
जांच में पता चला है कि जो कार्य हुए नहीं उसका भी भुगतान हो गया। जांच आख्या आने पर डीएम शैलेश कुमार ने एक वीडीओ (ग्राम विकास अधिकारी) और तीन सचिवों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया। बनकट छनौरा गांव निवासी कैलाश और कमलेश कुमार गुप्ता ने करीब आठ महीने पूर्व जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव में धांधली की शिकायत की थी। आरोप लगाया कि शौचालय निर्माण और हैंडपंप रिबोर से लेकर मनरेगा के कार्य में मनमानी की गई है। ग्राम प्रधान और सचिव बिना काम कराए ही पैसा निकाल लिए। डीएम ने प्रकरण की जांच के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित की। जांच अधिकारियों की टीम ने गांव में जाकर शिकायकर्ताओं के विभिन्न बिंदुओं की जांच पड़ताल की।
इसमें पाया गया कि पांच हैंडपंप का पैसा निकाला गया, लेकिन मौके पर रिबोर नहीं मिला। इसी तरह करीब 20 से अधिक शौचालय का निर्माण कराए बिना ही पैसा निकल गया। किचन निर्माण में भी गड़बड़ी सामने आई। तीन से चार निर्माण कार्य में पांच लाख 20 हजार की धांधली मिली। करीब 15 दिन पूर्व जांच अधिकारियों ने रिपोर्ट डीएम को सौंपा।
धांधली को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने कार्रवाई का निर्देश दिया। डीपीआरओ संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि बनकट छनौरा में पांच लाख 20 हजार की धांधली मिली है।
उक्त मामले में ग्राम विकास अधिकारी विजय सोनी, ग्राम पंचायत अधिकारी दिलीप यादव, प्रदीप प्रजापति और गुरंदयाल गुप्ता को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण की मांग की गई है।
जवाब मिलने पर चारों से रिकवरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि वहां के ग्राम प्रधान का पूर्व में निधन हो गया।
उप चुनाव में नए प्रधान चुने गए। इसलिए धांधली की धनराशि चारों से वसूल की जाएगी।