ज्ञानपुर। विधानसभा ज्ञानपुर में शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने निधि का पिटारा खोल दिया है। करीब 21 स्थानों पर सोलर वाटर पंप स्थापित कराने के लिए उन्होंने अपनी निधि से 84 लाख रुपये देने की घोषणा की है। इसके लिए कार्यदायी संस्था को पैसे जारी करने के लिए उन्होंने सीडीओ और परियोजना निदेशक को पत्र लिखा है।
नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। पेयजल टंकियों से पाइपलाइन के जरिए हैंडपंप से हर घर तक पानी पहुुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन बढ़ते प्रदूषण से हैंडपंप और पेयजल टंकी का भी पानी शुद्ध नहीं रह गया है। इससे अब सोलर वाटर पंप की 300 फीट से अधिक नीचे बोरिंग कर शुद्ध पानी निकाला जा रहा है। इससे बिजली की बचत होने के साथ ही लोगों को शुद्ध पानी मिल रहा है। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में सोलर वाटर पंप की सौगात दी है। इनमें विशौली कृपालपुर, कृपालपुर, नजरपुर मौर्य बस्ती, जंगलपुर मौर्य बस्ती, कलिंजरा, रजमला प्रजापति बस्ती, किशुनदेवपुर बिंद, मौर्य बस्ती, नगरदह मल्लाह बस्ती, नगरदह गोसाईं बस्ती, भोपतपट्टी- घाटमपुर की पासी बस्ती, बृजभूषण सिंह सर्वोदय इंटर कॉलेज सेमराध, घनश्यामपुर दलित बस्ती, जोगापुर में ब्राह्मण-बिंद बस्ती, शिवरामपुर में पासी, प्रजापति और पाल बस्ती, भरतपुर, जगापुर, पुरवा, इब्राहिमपुर, नगरदह ब्राह्मण बस्ती और ओझा बस्ती शामिल हैं।
इसी तरह सागररायपुर में 25 लाख की लागत से बनने वाले बारात घर और प्रेमा देवी इंटर कॉलेज में भवन निर्माण के लिए पांच लाख स्वीकृत करने की संस्तुति भी की है। विधायक विजय मिश्र ने कहा कि ज्यादातर बीमारियां दूषित पानी के सेवन से होती हैं। सोलर वाटर पंप से लोगों को शुद्ध पानी मिलेगा।