जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण स्थल पर सारी व्यवस्था दुुरुस्त कराने का निर्देश दिया। आगाह किया कि दो दिन के अंदर सारी व्यवस्था दुरुस्त करा लें। अन्यथा जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी भदोही को निर्देश दिया कि सेंट थॉमस स्कूल ज्ञानपुर में साफ-सफाई, भूतल, पेयजल व्यवस्था, प्रत्येक दिन मुख्य सड़क से लेकर गेट तक दोनों तरफ चूना का छिड़काव कराएं। डस्टबिन व टैंकर की व्यवस्था भी की जाए। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को टेंट, फर्नीचर और प्रकाश की व्यवस्था, वैक्सीनेशन सेंटर के लिए पंडाल, कोविड हेल्प डेस्क, मेडिकल टीम के लिए पंडाल, वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र के लिए काउंटर बनाने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उन्होंने प्रशिक्षण के दिन थर्मल स्कैनिंग, प्रत्येक पाली में 720 मतदान कार्मिकों को मॉस्क की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। प्रधानाचार्य सेंट थॉमस स्कूल को निर्देशित किया कि प्रत्येक कक्ष में पीपीटी के संचालन हेतु प्रोजेक्टर और अन्य सामग्रियों को चेक कराकर क्रियाशील कराएं। प्रत्येक कक्ष में पीपीटी चलाने के लिए अपने अध्यापक या आपरेटर को कक्षवार नियुक्त कराने की हिदायत भी दी, ताकि पीपीटी चलाने में कोई दिक्कत न हो। साथ ही उपकरण की सुरक्षा बनी रहे। अपर जिलाधिकारी न्यायिक अनिल कुमार सिंह ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण किया और कमियों को दो दिन में पूर्ण कराने का निर्देेश दिया। इस मौके पर उप निदेशक कृषि अरविंद कुमार सिंह, पीडी मनोज कुमार राय, जिला विद्यालय निरीक्षक नंदलाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सीमा सिंह आदि मौजूद रहीं।