चौरी थाने में तैनात एक उप निरीक्षक द्वारा फरियादी के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। शनिवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने इसे संज्ञान में लिया है। उन्होंने मामले की प्रारंभिक जांच और उप निरीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही के लिए जांच का आदेश दिया है। इस मामले की जांच क्षेत्राधिकारी औराई करेंगे।
थाना क्षेत्र के बरदहां गांव में शनिवार को जमीन संबंधी विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर वहां मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष के कुछ लोगों को गंभीर चोट लगी। इसकी शिकायत लेकर जब पीड़ित पक्ष के लोग थाने पहुंचे तो वहां चौकी प्रभारी/उप निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव मिले। वायरल वीडियो के अनुसार उप निरीक्षक द्वारा मामले को गंभीरता से सुनने की बजाय फरियादी से दुर्व्यवहार किया गया। दिन में वीडियो वायरल होने के बाद शाम को पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने मामले की जांच का आदेश दिया है। एसपी के अनुसार सीओ औराई मामले की जांच करेंगे। साथ ही जिले के सभी पुलिस कर्मियों को सख्त हिदायत दी है कि फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार करें। अन्यथा दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।