जिले में जुमे की नमाज शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हो गई। पूरा पुलिस और प्रशासनिक अमला नमाज को सकुशल संपन्न कराने की मुहिम में लगा रहा। डीएम आर्यका अखौरी, एसपी डॉ. अनिल कुमार के साथ तीनों एसडीएम, सीओ सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के मस्जिदों पर मुस्तैद रहे।
बीते दिनों सूबे के कई शहरों में हिंसक घटनाएं हुई। जिसको लेकर शासन सख्त हो गया। शासन के निर्देश पर डीएम-एसपी संग अन्य अधिकारी एक सप्ताह से धर्मगुरूओं, मौलानाओं, ईमामों से मिलकर शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में नमाज अदा करने की अपील की थी। जिसका असर शुक्रवार को देखने को मिला। ज्ञानपुर, गोपीगंज, माधोसिंह, खमरिया, घोसिया, सुरियावां सहित अन्य नगरों और ग्रामीण अंचलो में शांतिपूर्वक तरीके से जुमे की नमाज अदा हो गई। जामा मस्जिद गोपीगंज के पास उप जिलाधिकारी योगेंद्र साहू, सीओ भुनेश्वर पांडेय,प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह, चौकी प्रभारी संजय यादव बड़ी संख्या मे पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। सकुशल नमाज अदा होने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।