ज्ञानपुर। कोरोना की तीसरी लहर आने से पूर्व जिले में चार ऑक्सीजन प्लांट तैयार हो जाएंगे। इसके लिए प्रशासनिक तैयारी तेज हो गई है। दो राजकीय अस्पताल और दो सीएचसी में प्लांट स्थापित होंगे। चारो प्लांट से करीब 1750 एलपीएम ऑक्सीजन का उत्पादन होगा। जिससे संक्रमितों संग अन्य गंभीर रोग से ग्रसित मरीजों का उपचार होगा।
कोरोना की दूसरी लहर में संकमित होने वाले मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ी। जिले में ऑक्सीजन की कमी होने के कारण संक्रमित संग उनके परिवार वालों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। समय से ऑक्सीजन न मिलने से बड़ी संख्या में मरीजों की जान चली गई। जिसको देखते हुए शासन संग विभिन्न संगठनों की ओर से ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने के लिए पहल की गई। कोरोना की संभावित तीसरी लहर आने से पूर्व जिले में चार ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने का मसौदा तैयार हो चुका है। इसमें एक पीएम केयर फंड, एक सांसद-विधायक निधि, एक कालीन निर्यातक और एक शुगर मिल की ओर से स्थापित किया जाएगा। जिले में महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल भदोही, जिला अस्पताल ज्ञानपुर, सीएचसी औराई और सीएचसी सुरियावां में प्लांट स्थापित होंगे। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि जिले में चार प्लांट लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए जमीन चिह्नित हो चुकी है। कार्यदायी संस्थाओं को तेजी से प्लांट का निर्माण कराने का निर्देश दिया गया है।
-कितना आक्सीजन होगा तैयार-
ज्ञानपुर। जिले में स्थापित होने वाले ऑक्सीजन प्लांट से करीब 1750 एलपीएम ऑक्सीजन तैयार होगा। इसमें महाराजा बलवंत सिंह चिकित्सालय भदोही में 900 एलपीएम, सीएचसी सुरियावां और औराई में 300 एलपीएम और जिला अस्पताल ज्ञानपुर में 250 एलपीएम शामिल है।
सीडीओ ने किया प्लांट स्थल का निरीक्षण-
ज्ञानपुर। जिले में बनने वाले ऑक्सीजन प्लांट निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने सुरियावां में जमीन का जायजा लिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरबी पाठक से प्लांट स्थापना को लेकर चर्चा की।