विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गठित उड़नदस्ता टीम ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को उड़नदस्ता टीम ने भदोही के रजपुरा चौराहे के समीप कार से दो लाख 75 हजार रुपये नकद बरामद किया। संतोषजनक जवाब न मिलने पर रुपये जब्त कर आयकर विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
सूबे में चुनाव आचार संहिता प्रभावी होने के बाद तीनों विधानसभा क्षेत्रों में उड़नदस्ता सहित अन्य टीमें सक्रिय हो गई हैं। पुलिस की ओर से बार्डर प्वाइंट सहित मुख्य स्थानों पर बैरियर लगाकर जांच की जा रही है। मादक पदार्थ और कैश आदि की जांच की जा रही है। शुक्रवार को रजपुरा चौराहे के समीप उड़नदस्ता टीम ने एक कार से दो लाख 75 हजार रुपये बरामद किया। नकदी लेकर जाने वाला व्यक्ति टीम के समक्ष लेखाजोखा प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने रुपये जब्त कर आयकर विभाग से जांच शुरू करा दी। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि कार से बरामद नकदी के बारे पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वैध कागजात प्रस्तुत न करने पर उक्त कैश को सीज कर आयकर विभाग की टीम से जांच कराई जा रही है।