डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं संवाद के दौरान नारों से उत्साह बढ़ाया। कहा कि 2017 में पार्टी का नारा था कि 100 में 60 प्रतिशत हमारा, 40 प्रतिशत में बंटवारा लेकिन 2022 में 40 फीसदी वोटों को भी हाफ करेंगे। जिससे सूबे में 300 से अधिक सीटों को जीतकर सरकार बनाएंगे। आपसी मतभेद जाना भूल, चुनाव में सिर्फ 56 इंच का सीना और कमल का फूल।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान बसपा को भी आड़े हाथों लिया। कहा कि एक समय था साल भर में तीन-तीन प्रभारी बदले जाते थे, लेकिन अब एक भी प्रभारी नहीं मिल रहे। उन्होंने संभावना जताई कि 2022 चुनाव से पूर्व सपा को हराने के लिए बसपा सुप्रीमों भाजपा का देने की घोषणा भी कर सकती है।
वाराणसी से प्रयागराज जाते समय डिप्टी सीएम का गोपीगंज नगर में दो घंटे का कार्यक्रम तय था, लेकिन वह दो घंटे विलंब से दोपहर एक के बजाए तीन बजकर 15 मिनट पर पहुंचे। आधे घंटे के भाषण के बाद वह 15 मिनट तक पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मिले। उसके बाद वह प्रयागराज रवाना हो गए। करीब आधे घंटे के भाषण में वह चुनावी रंग में दिखे। तीनों सीटों पर कमल खिलाने, 2014 से शुरू विजयरथ को आगे बढ़ाने की हामी भरवाई।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को हनुमान की तरह बताया। कहा कि वे हर काम को आसानी से कर लेते हैं। कार्यकर्ताओं की देन है कि 2014 से शुरू हुआ भाजपा का विजयरथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। 2022 में भी विजय रथ अपने लक्ष्य तक पहुंचेगा। कार्यकर्ताओं से कहा कि वह जनता के बीच जाएं और पूर्ववर्ती सरकारों की खामियां और भाजपा के कार्यों को गिनाएं। घर से दूसरी पार्टी को वोट देने का मन बनाने वाली जनता ईवीएम तक पहुंचते-पहुंचते अपना मन बदल लेगी।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस को खरी-खोटी सुनाई। कहा कि देश के विघटन करने वाले मोहम्मद अली जिन्ना की जुबान बोलने वाले अखिलेश यादव को जनता सबक सिखाएगी। कांग्रेसी श्रीराम बोलने वालों को राक्षस और राष्ट्र के लिए समर्पित आरएसएस को आतंकवादी संगठन बता रहे हैं। जिन्नावादी सोच को जनता सफल नहीं होने देगी।